मूकनायक/राजस्थान/जिला ब्यूरो चीफ सांचौर/रिडमल राम परमार
सांचौर: तहसील चितलवाना के शिवपुरा गांव निवासी चतराराम मेघवाल ने नरपत सिंह केरिया, अध्यक्ष मेघवाल संघर्ष समिति सांचौर, के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपनी बेटी के साथ हुई मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।चतराराम ने बताया कि उनकी पुत्री हीना, जो छात्रवृत्ति का फॉर्म भरकर लौट रही थी, को गांव के कुछ दबंगों ने रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर मारपीट की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया।चतराराम का कहना है कि घटना की रिपोर्ट पुलिस थाना चितलवाना में दर्ज कराई गई थी और बयान भी दिए गए, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष झूठे मुकदमे का भय दिखाकर मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं और गवाहों को धमकाया जा रहा है, जिससे पूरे गांव के अनुसूचित जाति समुदाय में भय का माहौल है।नरपत सिंह केरिया, अध्यक्ष मेघवाल संघर्ष समिति सांचौर, ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो समिति भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होगी।चतराराम ने महामहिम राष्ट्रपति से भी अपील की है कि शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए

