मूकनायक
ओमप्रकाश वर्मा
राजस्थान/हिंडौन सिटी
हिंडौन शहर में भ्रष्टाचार पूर्वक हुए खारी नाला सफाई, निर्माण एवं पटाव कार्य के कारण पिछले एक महीने से चल रही बाढ़ की समस्या के निपटारे के लिए हिण्डौन बचाओ, नाला तोड़ो संघर्ष समिति के महासचिव हुकमसिंह कश्यप ने राजस्थान राज्य धरोहर प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष भवानी शंकर माली एवम राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट हर्षवर्धन सिंह कश्यप के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जयपुर सिविल लाइंस स्थित आवास पर मुलाकात कर समस्या के बारे में अवगत कराया । कश्यप ने बताया कि हिंडौन शहर में 2016 में खारी नाले के सफाई, निर्माण एवं पटाव कार्य के बाद से जलभराव एवं बाढ़ जैसे हालात बने रहते हैं । पिछले 1 महीने से हिंडौन शहर पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में है, खारी नाले के पटाव के बीच खुले चेम्बरो में गिरने के कारण अभी तक 2 लोगो की मृत्यु हो चुकी है फिर भी राज्य सरकार द्वारा इस मामले में बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है । हिण्डौन शहर में बाजारों को बंद रखकर धरना प्रदर्शन किए जा रहे है । हिंडौन शहर के व्यापार मंडल के अलावा समाज विशेष के लोगो का शिष्ट मण्डल राज्य सरकार के कई मंत्रियों एवं प्रतिनिधियों से मिलकर इस समस्या के निपटारे की मांग कर चुके हैं लेकिन एक महीने से राज्य सरकार द्वारा राजनीतिक कारणों से हिंडौन शहर की उपेक्षा करते हुए बिल्कुल ध्यान नही दिया जा रहा है । जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आगामी विधानसभा सत्र में इस मामले को गम्भीरता से उठाने का ठोस आश्वासन दिया है ।

