ओमप्रकाश वर्मा
राजस्थान/ हिंडौन सिटी
सूरौठ के गांव रीझवास एवं कलसाड़ा के बीच गंभीर नदी में डूबे युवक का शव सोमवार को 3 किलोमीटर दूर ईटखेडा गांव के पास मिला। एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से निकाला। प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव कलसाडा निवासी 30 वर्षीय युवक राजेश जाटव रविवार को दोपहर में अपने दो दोस्तों के साथ गांव रीझवास एवं कलसाड़ा के बीच में होकर गुजर रही गंभीर नदी में स्नान करने आया था। अचानक गहराई में चले जाने के कारण युवक राजेश जाटव नदी में डूब गया। युवक के गंभीर नदी में डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा एसडीआरएफ टीम बुलबा कर नदी में युवक की तलाश करवाई गई। आसपास के ग्रामीणों ने भी युवक की तलाश की। एसडीआरएफ टीम ने रात भर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार को सुबह युवक राजेश जाटव का शव 3 किलोमीटर दूर गांव ईटखेडा के पास पाया गया। नदी में डूबने से युवक की मृत्यु होने पर गांव कलसाडा में मातम छा गया। गौरतलब है कि करौली के पांचना बांध से पानी छोड़े जाने के कारण पिछले कई दिनों से गंभीर नदी में खूब पानी आ रहा है।

