मूकनायक
ओमप्रकाश वर्मा
राजस्थान /हिंडौन सिटी/ सूरौठ
बयाना के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राम लखन खटाना ने कई राजकीय स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अध्यापक अनुपस्थित पाए गए। बिना सूचना के अनुपस्थित मिले अध्यापकों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राम लखन खटाना ने बताया कि गांव रामपुरा, जैसोरा, चक समित गढ़ एवं सिघरावली में संचालित राजकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल रामपुरा में अध्यापक वरुण कुमार एवं रवि कुमार बिना सूचना के अनुपस्थित पाये गये। इसी तरह राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल जैसोरा में अध्यापक पुष्पेन्द्र कटारा, विष्णु शर्मा, सतीश गुर्जर एवं रामकुमार अनुपस्थित मिले। राजकीय प्राथमिक स्कूल चक गढ़ में अध्यापक बबलू जैन गैर हाजिर पाए गए। निरीक्षण के दौरान वार्षिक परीक्षाओं का अवलोकन किया गया। सभी विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं विधिवत रूप से संचालित होती पाई गई। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी खटाना ने स्कूलों की कक्षाओं में पहुंचकर शैक्षिक गुणवत्ता का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी खटाना ने बताया कि राजकीय प्राथमिक स्कूल चक समित गढ़ में गंदगी पाई गई तथा रिकॉर्ड संधारण में खामियां मिली। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले अध्यापकों को नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

