मूकनायक ओमप्रकाश वर्मा
राजस्थान /हिंडौन सिटी
सूरौठ तहसील मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान पर आयोजित हुई संभाग स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का गुरुवार को विधिवत रूप से समापन किया गया। 2 दिन तक चली प्रतियोगिता का फाइनल मैच भरतपुर एवं धौलपुर की टीम के बीच खेला गया जिसमें धौलपुर की टीम चैंपियन रही। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शूटिंग बॉल संघ के मुख्य संरक्षक व रिटायर्ड शारीरिक शिक्षक रामनिवास मीणा थे तथा सूरौठ थाना प्रभारी पंजाब सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड, पुरस्कार सामग्री एवं इनाम राशि भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता आयोजन कमेटी के अध्यक्ष विश्राम मीणा ने बताया कि सूरौठ स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में आयोजित हुई बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भरतपुर संभाग की कई टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक हुआ जिसमें धौलपुर की टीम ने भरतपुर को 48-46 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। फाइनल मैच में रेफरशिप शारीरिक शिक्षक मदन मोहन नापित एवं गोविंद मीणा ने की। इसके अलावा शारीरिक शिक्षक राजेश मीणा, विनीत मीणा एवं राजेंद्र मीणा ने स्कोरर की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड भरतपुर के प्रिंस चौधरी को दिया गया। समापन कार्यक्रम में मंच संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक भूपाल सिंह मीणा ने किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक गब्बर सिंह, गोविंद मीणा, मदन मोहन नापित, राजेश मीणा, हेमराज मीणा, प्रशांत शर्मा, गजेंद्र मीणा, अजय मीणा, नरेश मीणा, राधेश्याम मीणा आदि ने अतिथियों का साफा व माला पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मीणा ने कहा कि हार और जीत खेल के हिस्से हैं इसलिए खिलाड़ियों को पराजय से हताश नहीं होना चाहिए तथा अगली प्रतियोगिताओं में फिर से जीत का प्रयास करना चाहिए। थाना प्रभारी पंजाब सिंह ने कहा कि शरीर को फिट बनाए रखने के लिए खेल बहुत जरूरी है।

