रौनी के स्कूल में पसरी गंदगी, छात्रों में संक्रमण का भय
*बुद्धप्रकाश बौद्ध*
( मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड)
दबोह । सरकार भले ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत साफ सफाई की बात करती हो किन्तु लहार ब्लॉक के ग्राम रौनी के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में बने कमरों में गाय और साड़ जैसे पशुओं ने अपना ठिकाना बना लिया है। यह हाल लहार ब्लॉक के ज्यादातर स्कूलों का है।
दरअसल रौनी गांव में स्कूल के कमरों में सुबह शाम गायों का जमावड़ा देखने को मिल जाएगा। जहां गाय के गोबर से पूरे स्कूल परिसर में गन्दगी पसरी हुई है।
स्कूल में बाउंडरी बॉल न होने की वजह से गौवंश विद्यालय परिसर में घुस आते हैं। और रात भर बैठकर गंदगी फैलाते हैं। स्कूल हैडमास्टर मोहरसिंह बघेल और सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि स्कूल परिसर में बाउंड्री नहीं है। इसलिए जानवर घुस आते हैं। और पूरा स्कूल गंदा कर देते हैं। इसी गंदगी के बीच स्कूली छात्र पढ़ाई करते हैं। जिससे बच्चों के बीमार होने का डर बना रहता है।

